कर्म का हिसाब और प्रेम - ओशो
कर्म का हिसाब और प्रेम - ओशो
प्रश्न: मैंने सुना है कि पूर्वजन्म का पाप, या कहें प्रारब्ध, भोगना पड़ता है। भगवान, कृपया मेरी शंका दूर करें।
भोगना चाहो तो भोगना पड़ता है। भोगना न चाहो तो कट सकता है। सब तुम पर निर्भर है। अगर हिसाबी-किताबी हो तो भोगना पड़ेगा। हिसाब-किताब जला दिया तो अस्तित्व भी जला देता है। अस्तित्व तो दर्पण है। तुम जैसे हो, वैसे ही तुम्हें झलका देता है।
अब बंदर अगर दर्पण में झांकेगा, तो तुम यह मत समझना कि देवता की तस्वीर दिखाई पड़ेगी। बंदर दर्पण में झांकेगा तो बंदर ही दिखाई पड़ेगा। निश्चित तुमने जो सुना है, ठीक सुना है। लोग कहते रहे हैं—हिसाबी-किताबी लोग, गणित की लकीर से सोचने वाले लोग।
हिसाब-किताब में यह बात समझ में आती है कि बुरा किया है तो भला करके बुरे को मिटाना पड़ेगा। तभी न्याय हो पाएगा, तभी हिसाब-किताब पूरा होगा। इसलिए उनको लगता है कि जन्मों-जन्मों तक बुरा किया, अब जन्मों-जन्मों तक भला करेंगे, तब कहीं चुकतारा हो पाएगा।
यह हिसाबी-किताबी की दुनिया है।
मैंने सुना है, मुल्ला नसरुद्दीन का दादा उसे समझा रहा था, “नसरुद्दीन बेटा, काम करो। बेकार फिरना अच्छा नहीं है। जब मैं तुम्हारी उम्र का था तब मैंने एक फर्म में छह रुपए महीने की नौकरी की थी और फिर पांच साल के बाद उतनी ही बड़ी फर्म का मालिक बन गया था।”
मुल्ला नसरुद्दीन ने हाथ झटककर कहा, “दादाजी, वे जमाने गए। अब ऐसी धांधली नहीं चलती। हर जगह कायदे से हिसाब रखा जाता है।”
हिसाब रखा जाता है। हिसाबी-किताबी मन एक ढंग से सोचता है। प्रेम दूसरे ढंग से सोचता है। दोनों के ढंग अलग हैं।
- ओशो
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं