दर्पणों के पार - ओशो
दर्पणों के पार - ओशो
मैंने सुना है कि एक कुत्ता एक राजमहल में प्रवेश कर गया। भूल-चूक से वह रात में वहीं बंद रह गया।
सुबह वह मरा हुआ पाया गया।
क्योंकि राजमहल के जिस कमरे में वह बंद रह गया था, वह दर्पणों से बना था। उस कमरे में दर्पण ही दर्पण लगे थे। सारी दीवारें दर्पण से ढकी थीं।
जब उस कुत्ते ने आंख खोली और चारों तरफ देखा तो वह घबड़ा गया। इतने कुत्ते उसने अपने जीवन में कभी देखे नहीं थे।
स्वभावतः घबराहट में वह भौंका। कुत्ता था, और करता भी क्या?
सारे कुत्ते भौंके!
फिर तो उसने होश खो दिया। वह इस कुत्ते की तरफ झपटा तो सारे कुत्ते उसकी तरफ झपटे।
वह रात भर भौंकता रहा और दर्पणों से लड़ता रहा। सुबह लहूलुहान था। दर्पणों पर भी उसके खून के धब्बे थे और उसकी लाश कमरे में पड़ी थी।
तुम किससे लड़ रहे हो?
और यहां दुश्मन है कौन?
तुम किस पर भौंक रहे हो? किसके लिए भौंक रहे हो?
यहां दर्पण ही दर्पण हैं। एक ही बहुत रूपों में झलक रहा है। और वह एक तुम्हारे भीतर विराजमान है—तुम्हारे बाहर भी, तुम्हारे भीतर भी।
जरा उपाधियों से मुक्त हो जाओ और उसे देखो।
उपाधियों से मुक्त होने में क्या अड़चन है? उपाधि सिर्फ थोपी हुई है। जैसे तुमने वस्त्र पहन रखे हैं, फिर भी भीतर तो तुम नंगे ही हो। कितने ही वस्त्र पहन लो, नंगापन वस्त्रों से मिट नहीं जाता, सिर्फ अंदर छिप जाता है।
ऐसे ही उपाधियां ऊपर-ऊपर होती हैं। भीतर तो तुम नग्न ही हो। भीतर तो तुम दिगंबर ही हो। उपाधियों के पार तुम अभी भी निरुपाधि हो।
मनुष्य के भीतर भी तुम परमात्मा हो। स्त्री के भीतर, पुरुष के भीतर, हिंदू-मुसलमान के भीतर तुम वही एक हो—आदित्यवत।
जैसे सूर्य अलग-अलग जल-सरोवरों में झलकता है, ऐसे ही वह एक अलग-अलग उपाधियों के दर्पण में झलका है।
उस एक को पहचानो।
उस एक के पहचानते ही युद्ध मिट जाता है, हिंसा मिट जाती है, वैमनस्य मिट जाता है। वैर, क्रोध, सब मिट जाता है।
उस एक की पहचान के साथ फिर आनंद के सिवाय और बचता क्या है?
फिर रास ही रास है। फिर रंग ही रंग है। रस ही रस।
“रसौ वै सः।”
उसका रस तुम्हें तभी अनुभव होगा। और जब तक उसका रस अनुभव न हो, तब तक सारे अनुभव व्यर्थ हैं।
- ओशो
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं